जालंधर , अक्टूबर 24 -- पंजाब में पहली बार आयोजित हो रही पुरुष एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेने पहुंची टीमों का शनिवार को जालंधर के बरल्टन पार्क में पारंपरिक भांगड़े और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।
अभ्यास सत्र के लिए पहुंचे बंगलादेश, जापान, चीन और मलेशिया के खिलाड़ियों के स्वागत के लिए स्थानीय निवासी और उभरते हॉकी खिलाड़ी बड़ी संख्या में जुटे।प्रतियोगिता का उद्घाटन 27 अक्टूबर को होगा। पंजाब सरकार के प्रयासों से राज्य को पहली बार इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। जिला प्रशासन ने इसमें भाग लेने वाली छह टीमों-भारत, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन, मलेशिया और बंगलादेश के लिए सुरक्षा, सुविधाओं और मेहमान नवाजी के व्यापक प्रबंध किए हैं।
प्रतियोगिता के मुकाबले 27 अक्टूबर को जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में शुरू होंगे। उद्घाटन समारोह के बाद मलेशिया और चीन, जापान और दक्षिण कोरिया तथा मेजबान भारत और बंगलादेश के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद 29 और 30 अक्टूबर तथा एक और दो नवंबर को पूल मैच होंगे।
सेमीफाइनल मुकाबले चार नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर हॉकी स्टेडियम में होंगे, जबकि प्रतियोगिता का फाइनल पांच नवंबर को खेला जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित