वॉशिंगटन , मई 29 -- अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस की अंतरिक्ष कंपनी 'ब्लू ओरिजिन' को फ्लोरिडा में बड़े परीक्षण के दौरान भारी झटका लगा है। कंपनी का 'न्यू ग्लेन' रॉकेट ग्राउंड टेस्ट के दौरान लॉन्च पैड पर ही भयानक विस्फोट के साथ आग के विशाल गोले में तब्दील हो गया।
यह घटना गुरुवार रात फ्लोरिडा के केप कैनावेरल स्पेस फोर्स स्टेशन के लॉन्च कॉम्प्लेक्स-36 पर हुई। न्यू ग्लेन रॉकेट का 'हॉट-फायर' टेस्ट चल रहा था, जिसमें रॉकेट को उड़ान भरने से रोकने के लिए लॉन्च पैड पर ही मजबूती से जकड़कर रखा जाता है और जमीन पर ही उसके इंजनों को पूरी क्षमता से चालू कर परखा जाता है। जैसे ही इसके मीथेन-ईंधन वाले इंजनों को चालू किया गया, रॉकेट के बूस्टर स्टेज में कुछ तकनीकी खराबी आयी और देखते ही देखते पूरा रॉकेट भीषण विस्फोट के साथ फट गया।
एयरोस्पेस न्यूज ऑर्गनाइजेशन के लाइवस्ट्रीम वीडियो में साफ देखा गया कि विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसमान में दूर तक धुएं का गुबार छा गया। इस धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि केप कैनावेरल और कोको बीच के आस-पास के घर तक हिल गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित