चेन्नई , जुलाई 20 -- अमेरिकी कार निर्माता कंपनी फोर्ड के अधिकारियों ने सोमवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय से मुलाकात कर कंपनी को फिर से शुरू करने की मांग की।
फोर्ड के उपाध्यक्ष मैथ्यू गोडलेव्स्की ने श्री विजय के साथ बैठक के बाद बताया कि कंपनी जल्द ही चेन्नई से लगभग 45 किलोमीटर दूर मारैमलाईनगर स्थित अपने संयंत्र में इंजन का उत्पादन शुरू करेगी। इसके लिए कंपनी ने 3,250 करोड़ रुपये के निवेश का वादा किया है, जिससे 600 लोगों को रोजगार मिलेगा।यह कदम कंपनी की विनिर्माण इकाई को फिर से शुरू करने और देश के विनिर्माण क्षेत्र के प्रति उसकी नयी प्रतिबद्धता को दर्शाता है क्योंकि 2021 में वाहन निर्माण से हटने के बाद से मारैमलाई नगर संयंत्र बंद पड़ा था। अब इस संयंत्र को निर्यात बाजार के लिए अगली पीढ़ी के इंजन बनाने के लिए उन्नत किया गया है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि फोर्ड ने चेन्नई में पहले ही एक वैश्विक कौशल केंद्र स्थापित किया है, जिससे 12,000 नौकरियां पैदा हुई हैं। कंपनी ने हाल ही में कोयंबटूर में भी ऐसा ही एक केंद्र स्थापित किया है और अब मारैमलाईनगर संयंत्र में इंजन का उत्पादन शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान फोर्ड कंपनी के साथ 30 साल पुराने संबंधों को याद करते हुए इंजन बनाने की इकाई के लिए कंपनी को पूरा समर्थन देने का वादा किया। श्री विजय ने कंपनी पूरी क्षमता के साथ फिर से शुरू करने और विस्तार की योजनाओं पर काम करने का भी आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित