नयी दिल्ली , अगस्त 21 -- फोर्टिस समूह ने राजधानी में श्वसन रोग और फेफड़े की गंभीर बीमारियों के इलाज और प्रत्यारोपण की अत्याधुनिक सुविधाओं वाली दो क्लिनिक शुरू करने की शुक्रवार को घोषणा की।

फोर्टिस के अधिकारियों ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा करते हुये फोर्टिस शालीमार बाग और फोर्टिस वसंत कुंज में सांस के गंभीर रोगों एवं प्रत्यारोपण देखभाल के लिए लंग फेलियर क्लीनिकों में स्थापित सुविधाओं की जानकारी दी। इन क्लिनिकों में फेफड़ों के गंभीर एवं अंतिम चरण के रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए व्यापक देखभाल की सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं। इन क्लीनिकों में फेफड़ा प्रत्यारोपण की सेवाओं समेत एडवांस लंग फेलियर के प्रबंधन हेतु व्यापक सेवायें उपलब्ध करायी गयी हैं।

इन क्लीनिकों का संचालन डॉ. गोविनी बालासुब्रमणि (लंग ट्रांसप्लांट एंड एडवांस लंग फेलियर, ग्लेनईगल्स हॉस्पिटल, चेन्नई), डॉ. विकास मौर्या (रेस्पिरेटरी मेडिसिन एंड रेस्पिरेटरी क्रिटिकल केयर, फोर्टिस हॉस्पिटल शालीमार बाग) तथा डॉ. प्रशांत सक्सेना (पल्मोनोलॉजी, क्रिटिकल केयर एंड स्लीप मेडिसिन, फोर्टिस हॉस्पिटल वसंत कुंज) संभालेंगे।

उन्होंने बताया कि फोर्टिस हॉस्पिटल शालीमार बाग में हाल ही में 29-वर्षीय फिजियोथेरेपिस्ट का डबल-लंग ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किया गया। यह मरीज 2021 से फेफड़ों की गंभीर बीमारी (इंटरस्टिशल लंग डिज़ीज़) से ग्रस्त था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित