बैतूल , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में भारत भारती फोरलेन पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार 60 वर्षीय महिला की मृत्यु हो गई, जबकि उसके पति सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार चिखली रैयत निवासी सकून यादव (60), उनके पति सदाराम यादव और कमलेश यादव खाटू श्याम जाने के लिए सुबह बैतूल रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। किसी कारणवश यात्रा नहीं हो सकी, जिसके बाद तीनों एक ही मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे।
सुबह करीब छह से सात बजे के बीच भारत भारती फोरलेन पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान सकून यादव की मृत्यु हो गई, जबकि सदाराम यादव और कमलेश यादव का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे का संभावित कारण मानी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित