हैदराबाद , जनवरी 23 -- पूर्व मंत्री और बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामाराव (केटीआर) फोन टैपिंग मामले की चल रही जांच के सिलसिले में शुक्रवार को जुबली हिल्स थाने में विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष पेश हुए।

श्री रामाराव सुबह तेलंगाना भवन पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। एसआईटी कार्यालय जाने से पहले श्री केटीआर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले 15 वर्षों तक राज्य की सेवा की है और उन्होंने या उनकी पार्टी ने कभी किसी अवैध गतिविधि में हिस्सा नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से 'चरित्र हनन' के जरिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने जांच में सहयोग करने की बात कहते हुए कहा कि वह सरकार से यह सवाल करेंगे कि कथित तौर पर गलत काम कहां हुए हैं।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह लोगों को गुमराह करने के लिए कई मुद्दों को 'ध्यान भटकाने वाले नाटक' के रूप में इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा जांच राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से प्रेरित है। उनका कहना था कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित