मुंबई , अगस्त 28 -- महाराष्ट्र में पनवेल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खारघर में एक निजी फोटोकॉपी की दुकान से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े लगभग 3,400 फॉर्म मिलने के बाद प्रशासन ने पांच बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निलंबित कर दिया है।

प्रशासनिक निरीक्षण के दौरान एक निजी दुकान में बड़ी संख्या में शासकीय फॉर्म मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। रायगढ़ के ज़िलाधिकारी किशन जावले ने पांचों बीएलओ के निलंबन की पुष्टि की और बताया कि इस मामले में उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

इसके साथ ही, पुलिस ने सूरज पाटिल नामक व्यक्ति के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

किसी निजी प्रतिष्ठान से इतनी बड़ी संख्या में ब्योरेवार फॉर्म बरामद होने से मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया और संवेदनशील दस्तावेजों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि यह फॉर्म फोटोकॉपी की दुकान तक कैसे पहुंचे और क्या इनके रखरखाव में निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित