हल्द्वानी , मई 10 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में फैशन बुटीक की आड़ में नशे का कारोबार चलाए जाने का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस टीम ने "डी फैशन बुटीक" से 5 किलोग्राम चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।

एसएसपी डा0 मंजूनाथ टीसी के अनुसार विशेष कार्य बल (एसटीएफ) कुमाऊं और मादक द्रव्य निरोधक बल (एएनटीएफ) को दमुवाढ़ूंगा के देवखड़ी क्षेत्र में स्थित डी फैशन बुटीक में संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में सूचना मिली।

आज एसटीएफ, एएनटीएफ और काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने डी फैशन बुटीक पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान दुकान से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से प्रवीण आर्या निवासी देवखड़ी दमुवाढूंगा, थाना काठगोदाम, जिला नैनीताल तथा बलवंत सिंह निवासी ग्राम तीख, पोस्ट डोला, थाना कपकोट, जिला बागेश्वर को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना काठगोदाम में मादक द्रव्य निरोधक अधिनियम के तहत धारा 8 और 20 में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद चरस बागेश्वर क्षेत्र से लाकर नैनीताल जिले में सप्लाई की जा रही थी। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित