लखनऊ , मई 19 -- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ उत्तर से भाजपा विधायक डॉ. नीरज बोरा ने अपने विधानसभा क्षेत्र फैजुल्लागंज में पिछले तीन दिन से जारी अघोषित बिजली कटौती पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

डॉ. बोरा ने पत्र में लिखा है कि फैजुल्लागंज के चारों वार्ड में पिछले तीन दिन से लगातार अघोषित बिजली कटौती हो रही है। इससे जनता बेहाल है और लोगों में आक्रोश है। डॉ. बोरा ने कहा कि अधिकारी वस्तुस्थिति स्पष्ट करें और तत्काल विद्युत आपूर्ति समस्या का समाधान सुनिश्चित कराएं।

उन्होने पत्र की कॉपी अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा, उ.प्र. शासन, चेयरमैन, उ.प्र. पावर कॉर्पोरेशन और प्रबंध निदेशक, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लि. को भी भेजी है। उन्होंने समुचित संज्ञान लेकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने को कहा है।

डॉ. नीरज बोरा लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और भाजपा विधानमंडल दल के सचेतक और सचिव भी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित