अलवर , मई 13 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को दुग्गर फाइबर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में आग लगने से करोड़ों रुपये का नुकसान हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लगने से वहां हड़कंप मच गया। जो मजदूर और कर्मचारी काम कर रहे थे, उन्हें तुरंत फैक्ट्री से बाहर निकाला गया और आसपास की कंपनियों से भी मजदूरों को बाहर निकाला गया। आग ने कंपनी के करीब पूरे संयंत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है ।
रीको दमकल प्रभारी राजू खान ने बताया कि दोपहर में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही भिवाड़ी फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। फिलहाल आग बुझाने में कुल छह गाड़ियां लगी हुई हैं। दमकल ने आग पर करीब 50 प्रतिशत तक काबू कर लिया है, लेकिन फाइबर शीट्स की वजह से आग पूरी तरह से बुझ नहीं पाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित