नयी दिल्ली , अप्रैल 04 -- एमएमए खेल आइकन संग्राम सिंह और फ्रांस के तेज़ी से उभरते फाइटर फ्लोरियन काउडियर की पांच अप्रैल को होने वाली बहुप्रतीक्षित फाइट से पहले शनिवार को दोनों का ब्यूनस आयर्स के एरिना में फेस ऑफ (आमना-सामना) हुआ। संग्राम जहां काफी शांत दिखे वहीं फ्लोरियन का उत्साह देखने लायक था। फ्लोरियन ने कहा कि संग्राम सिंह को अपने सामने ज़्यादा देर टिकने नहीं देंगे। उन्होंने संग्राम की पिछली दो फाइट की वीडियो देखी हैं और उनके सपोर्ट स्टाफ ने संग्राम की बहुत सी कमज़ोरियां उन्हें बताई हैं। 83 किलोग्राम की यह फाइट ब्यूनस आयर्स के स्थानीय समय के अनुसार रविवार शाम छह बजकर 20 मिनट पर होगी, वहीं यह भारतीय समय के अनुसार सोमवार सुबह तीन बजे के आस-पास होगी। अर्जेंटीना में भारत के एम्बेसडर अजनीश कुमार भी संग्राम सिंह की फाइट देखने आएंगे।

बड़े दावों से किया परहेजवहीं दोहरे कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैम्पियन संग्राम सिंह ने कहा कि वह बड़ी बड़ी बातें करने में यकीन नहीं रखते। अर्जेंटीना में किसी भी कॉम्बेट स्पोर्ट्स में लड़ने वाले पहले भारतीय होने के कारण उन पर बड़ी ज़िम्मेदारी है। वह ऐसा कोई बड़बोला बयान नहीं देना चाहते, जिससे देश की साख पर बट्टा लगे। वह अपने प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करते है। इस खेल का सम्मान करते हैं और वैसे भी वह यह बात शुरू से कहते आए हैं कि चैम्पियन वह नहीं होता जो जीतता है, चैम्पियन वह होता है, जो लगातार प्रयास करता है। यहां गौरतलब है कि जॉर्जिया और एम्सटर्डम (नीदरलैंड) में हुई पिछली एमएमए फाइट से पहले भी संग्राम ने बड़े-बड़े दावे करने से परहेज किया था और दोनों मुक़ाबले उन्होंने बहुत ही सहजता के साथ अपने नाम किए थे।

वजन ने बढ़ाई मुश्किलेंअभी तक संग्राम सिंह की सबसे बड़ी चुनौती फ्लोरियन के बारे में ज़्यादा जानकारी उपलब्ध न होना थी लेकिन अब उनकी दूसरी बड़ी चुनौती वजन पर नियंत्रण करने की खड़ी हो गई है। उनका वजन थोड़ा सा बढ़ गया है जो दो किलो की छूट मिलने से भी तकरीबन सौ ग्राम अधिक है। इसके लिए उन्होंने शनिवार सुबह से रात तक आधा गिलास पानी पीया और अपने कोच भूपेश के साथ काफी समय ला माकाओ फिटनेस सेंटर में बिताया और खूब पसीना बहाया। इस बारे में संग्राम सिंह ने कहा कि जब आपके हौसले हिम्मतों से बड़े होते हैं तो ये चुनौतियां खुद ब खुद पार हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि वजन आने के बाद ही वह अपने घर से लाए चूरमा के लड्डू खाएंगे।

गर्व की बातसैमुराई फाइट हाउस इस बहुप्रतीक्षित फाइट का आयोजक है, जहां पूर्व प्रोफेशनल हैवीवेट वर्ल्ड चैम्पियन संग्राम सिंह अपने तीसरे एमएमए मुक़ाबले में उतरेंगे। मिट्टी से गद्दे की कुश्ती और गद्दे से एमएमए की कुश्ती में आने वाले संग्राम सिंह ने कहा कि अर्जेंटीना में एसएफएच 28 का हिस्सा बनना और दक्षिण अमेरिकी दर्शकों के सामने उतरना उनके लिए गर्व की बात है। यह अब तक का उनका सबसे बड़ा मंच है और वह हर भारतीय को गर्व महसूस कराना चाहते हैं। उनका प्रोफेशनल रेसलिंग से एमएमए तक का सफर अब तक असाधारण रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित