सोनभद्र , सितंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फेसबुक पर धनराशि दोगुनी करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 15.93 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि करमा थाना क्षेत्र के करकी गांव निवासी जितेन्द्र कुमार मौर्य ने साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर बताया था कि वर्ष 2023 में फेसबुक पर धनराशि निवेश कर उसे दोगुना करने संबंधी एक विज्ञापन के माध्यम से उसका आरोपियों से संपर्क हुआ था।

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने विभिन्न माध्यमों से संपर्क कर बेटवेट एप के जरिए धनराशि निवेश करने और निवेश की गई रकम को दोगुना वापस करने का लालच दिया। झांसे में आकर जितेन्द्र ने मई 2023 से जून 2026 के बीच कई बार में कुल 15 लाख 93 हजार रुपये निवेश कर दिए। बाद में आरोपियों ने धनराशि वापस नहीं की, जिससे उसके साथ धोखाधड़ी हुई।

एसपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने गुरुवार को मिर्जापुर जिले से जयप्रकाश और रोहित उर्फ बम्बू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित