राजनांदगांव , सितंबर 23 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की डोंगरगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए युवती से दोस्ती करने और शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोप में एक युवक को महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान महाराष्ट्र के बल्लारपुर निवासी रोशन सोमुनिया (32) से हुई थी। फेसबुक पर बातचीत के दौरान आरोपी ने उससे शादी करने का प्रस्ताव रखा और दोनों के बीच संपर्क बढ़ता गया।
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने 30 नवंबर 2025 को युवती को मिलने के लिए डोंगरगढ़ बुलाया। दोनों रेलवे स्टेशन के समीप एक होटल में ठहरे, जहां आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद दोनों एक अन्य होटल में भी करीब तीन दिनों तक साथ रहे।
पुलिस ने बताया कि डोंगरगढ़ से लौटने के बाद आरोपी लगातार युवती के संपर्क में रहा। उसने युवती के परिजनों से भी बातचीत की और अपने परिवार को शादी का रिश्ता लेकर भेजने का भरोसा दिया। आरोप है कि 20 अप्रैल 2026 को उसने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया और युवती से कहीं अन्यत्र शादी करने को कहा।
पीड़िता की शिकायत पर डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 365/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित