बीजापुर , अगस्त 20 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर में फूड सेफ्टी अधिकारी पर एक होटल व्यवसायी के घर में जबरन प्रवेश करने और महिला से कथित दुर्व्यवहार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। संबंधित अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग को लेकर व्यापारी संघ के आह्वान पर आज गुरुवार को बीजापुर बंद रखा गया है। वहीं जिला प्रशासन ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की है।
व्यापारी संघ के अध्यक्ष ईश्वर सोनी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब दो बजे फूड सेफ्टी अधिकारी दीपक देवांगन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के एक कर्मचारी होटल व्यवसायी रामु गुप्ता के घर पहुंचे थे। आरोप है कि जांच के नाम पर घर में जबरन प्रवेश करने का प्रयास किया गया और उस समय घर में मौजूद महिला के साथ अभद्र व्यवहार तथा धक्का-मुक्की की गई। मामले को लेकर कोतवाली थाने में शिकायत दी गई है।
घटना के बाद व्यापारी संगठनों में आक्रोश है। व्यापारी संघ ने अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। संघ का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन जारी रखा जाएगा। पहले बीजापुर मुख्यालय और आवश्यकता पड़ने पर इसे जिला तथा संभाग स्तर तक विस्तारित किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित