बैतूल , सितंबर 06 -- जिला फुटबॉल संघ, बैतूल के पुनर्गठन और विधिवत चुनाव कराने की मांग को लेकर पूर्व एवं वर्तमान फुटबॉल खिलाड़ियों तथा विभिन्न क्लबों के सदस्यों ने रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। खिलाड़ियों ने संघ के चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुसार कराने की मांग की।

खिलाड़ियों का कहना है कि जिला फुटबॉल संघ के चुनाव की प्रक्रिया पर्याप्त सूचना के बिना सीमित स्तर पर संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है। संघ से जुड़े पदाधिकारियों, सदस्यों, क्लबों और संबंधित इकाइयों को चुनाव प्रक्रिया की समय पर आधिकारिक जानकारी नहीं मिलने से इसकी पारदर्शिता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

ज्ञापन में जिला फुटबॉल संघ का पुनर्गठन कर निर्धारित नियमों के तहत चुनाव कराने तथा चुनाव की तिथि, समय और स्थान की जानकारी सभी संबंधित सदस्यों एवं इकाइयों को पूर्व में देने की मांग की गई। साथ ही पात्र मतदाताओं तथा संबद्ध क्लबों एवं इकाइयों की अधिकृत सूची सार्वजनिक करने की मांग की गई, ताकि चुनाव प्रक्रिया को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं रहे।

खिलाड़ियों ने कहा कि चुनाव में मध्यप्रदेश फुटबॉल संघ के नियमों और संविधान का पालन किया जाना चाहिए। यदि बिना पर्याप्त सूचना के कोई चुनावी प्रक्रिया शुरू की गई है तो निष्पक्षता सुनिश्चित होने तक उसे स्थगित किया जाए। उन्होंने चुनाव की निगरानी के लिए फर्म एवं सोसाइटी तथा मध्यप्रदेश फुटबॉल संघ की ओर से अधिकृत पर्यवेक्षक नियुक्त करने की भी मांग की।

खिलाड़ियों ने कहा कि खेल संघों के चुनाव लोकतांत्रिक और पारदर्शी तरीके से होने चाहिए, जिससे सभी पात्र सदस्यों और संबद्ध इकाइयों को समान अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि बैतूल में फुटबॉल के हित में पारदर्शी और सर्वसम्मत व्यवस्था स्थापित करना है।

खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई कि हेमंत खंडेलवाल के हस्तक्षेप से जिला फुटबॉल संघ की चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और नियमसम्मत तरीके से संपन्न होगी। इस दौरान पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी रमेश भाटिया, लल्ली वर्मा, हेमंत बबलू दुबे, जगेंद्र तोमर, सुरेश यादव, राकेश रक्कू शर्मा, साहिब राव पंडाग्रे, जगदीप वर्मा, नितेश राजपूत, नारायण मिश्रा, विजय तहकीत, विजय पवार, रवि पटेल, कैलाश सहित अन्य खिलाड़ी और क्लब सदस्य मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित