चंडीगढ़ , मई 26 -- हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि भीषण गर्मी के दौरान आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना और मानसून से पहले सड़क मरम्मत कार्यों को तेजी से पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से अधिक समय फील्ड में रहकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने अधिशाषी अभियंता और एसडीओ स्तर के अधिकारियों को भी फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रदेश के सभी उपायुक्तों को पत्र लिखकर कहा कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी पेयजल आपूर्ति, जल संकट संबंधी शिकायतों, सड़क मरम्मत और विकास कार्यों में लगातार जुटे हुए हैं। ऐसे में उनका अधिक समय फील्ड में लगना जरूरी है, ताकि लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो सके।

श्री गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ईंधन संरक्षण और वर्चुअल बैठकों को बढ़ावा देने की अपील की गयी है। इसी दिशा में विभागीय समीक्षा बैठकों को जहां तक संभव हो, वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने का आग्रह किया गया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जन सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित