जयपुर , जुलाई 19 -- राजस्थान पर्यटन विभाग ने पयर्टन को बढ़ावा देने एवं युवा वर्ग तथा विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए फीफा विश्व कप फाइनल के अवसर पर जयपुर की विश्व प्रसिद्ध धरोहरों पर आधारित एक विशेष डिजिटल फिल्म जारी की है, जिसके माध्यम से 'पधारो म्हारे देश' का संदेश देश-विदेश के लाखों दर्शकों तक पहुंच रहा है।

पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियाड़ ने बताया कि करीब डेढ़ मिनट की इस सिनेमाई डिजिटल फिल्म में जयपुर की गुलाबी गलियों से शुरू होकर हवा महल, आमेर किला, यूनेस्को विश्व धरोहर जंतर-मंतर सहित शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों के बीच स्थानीय फुटबॉल खिलाड़ी खेलते नजर आते हैं। फिल्म में फुटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि जयपुर की विरासत, स्थापत्य कला और आधुनिक ऊर्जा को जोड़ने वाला प्रतीक बनकर उभरती है। इसका संदेश स्पष्ट है कि वैश्विक खेल उत्सव और राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर मिलकर पर्यटन का नया अनुभव प्रस्तुत कर सकते हैं।

श्रीमती रियाड़ ने कहा कि फीफा विश्व कप फाइनल दुनिया के सबसे अधिक देखे जाने वाले खेल आयोजनों में शामिल है। ऐसे अवसर पर जयपुर की विरासत को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करना राजस्थान की वैश्विक पर्यटन ब्रांडिंग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम आज पर्यटन प्रचार का सबसे प्रभावी मंच बन चुके हैं और ऐसे अभियान विशेष रूप से युवा वर्ग तथा विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राजस्थान पर्यटन विभाग की डिजिटल रणनीति के सकारात्मक परिणाम सामने आये हैं। विभाग के इंस्टाग्राम पर 6.42 लाख, फेसबुक पर 6.39 लाख, एक्स पर 2.08 लाख तथा यूट्यूब पर 1.27 लाख से अधिक फॉलोअर हैं। इन प्लेटफॉर्म के माध्यम से राजस्थान के किले, महल, वन्यजीव, धार्मिक स्थल, लोक संस्कृति, हस्तशिल्प, खान-पान, मेले और उत्सवों से जुड़ी प्रामाणिक एवं आकर्षक सामग्री नियमित रूप से साझा की जा रही है।

उन्होंने बताया कि विभाग केवल पर्यटन स्थलों का प्रचार ही नहीं कर रहा, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए पर्यटकों को नयी पर्यटन नीतियों, होमस्टे, ग्रामीण पर्यटन, वेलनेस, एडवेंचर, फिल्म पर्यटन तथा राज्य में आयोजित विशेष आयोजनों की जानकारी भी उपलब्ध करायी जा रही है। उच्च गुणवत्ता वाली डिजिटल फिल्में, फोटो, इन्फ्लुएंसर सहयोग और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से जुड़े विशेष कंटेंट विभाग की सोशल मीडिया रणनीति का अहम हिस्सा हैं।

पर्यटन विशेषज्ञों के अनुसार ओलंपिक, फीफा विश्व कप और अन्य वैश्विक खेल आयोजनों के दौरान पर्यटन प्रचार के लिए डिजिटल अभियानों का उपयोग विश्वभर में तेजी से बढ़ा है। राजस्थान पर्यटन की यह पहल भी इसी वैश्विक रणनीति का हिस्सा है, जिसके माध्यम से राज्य अपनी ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक विरासत और शाही आतिथ्य को नये अंदाज में अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचा रहा है।

यूनेस्को विश्व धरोहर शहर जयपुर की पहचान को फीफा विश्व कप फाइनल जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन से जोड़ने वाली यह डिजिटल फिल्म पर्यटन प्रचार के बदलते स्वरूप का संकेत देती है।

राज्य सरकार और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के नेतृत्व में पर्यटन विभाग आधुनिक तकनीक, डिजिटल संचार और नवाचार आधारित ब्रांडिंग के माध्यम से राजस्थान को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। इसी वैश्विक उत्साह को पर्यटन ब्रांडिंग के अवसर में बदलते हुए राजस्थान पर्यटन विभाग ने विभाग का यह रचनात्मक अभियान न केवल सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, बल्कि इसके माध्यम से 'पधारो म्हारे देश' का संदेश देश-विदेश के लाखों दर्शकों तक पहुंच रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित