ऋषिकेश , मई 27 -- उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और पहाड़ की संवेदनशील जीवनशैली को बड़े पर्दे पर जीवंत करने वाली बहुप्रतीक्षित उत्तराखंडी फीचर फिल्म 'तेरी माया' के पोस्टर को बुधवार को लोकार्पण किया गया और यह फिल्म 29 मई को ऋषिकेश के दर्शकों को दिखाई जायेगी।

उत्तराखंड की बहुचर्चित गढ़वाली फिल्म 'तेरी माया' का यहां आगामी 29 मई से रामा पैलेस सिनेमा हॉल में प्रतिदिन पूर्वाह्न 10:30 बजे विशेष प्रदर्शन किया जाएगा।

इस अवसर पर आज देहरादून रोड स्थित अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा कार्यालय में फिल्म के पोस्टर का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में महासभा के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी, उत्तराखंडी फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह चौहान, समाजसेवी धीरज सिंह एवं फिल्म से जुड़े कलाकार मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. नेगी ने कहा कि उत्तराखंडी सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, भाषा और सामाजिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त मंच है। उन्होंने बताया कि लगनी फिल्म्स के बैनर तले बनी 'तेरी माया' को देहरादून में दर्शकों का भरपूर प्रेम और आशीर्वाद प्राप्त हुआ है तथा अब ऋषिकेश में भी इसे लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि यह फिल्म प्रेम, त्याग, पारिवारिक रिश्तों और पहाड़ की मिट्टी से जुड़े उन भावनात्मक पक्षों को सामने लाती है, जो आज के बदलते सामाजिक परिवेश में भी अपनी प्रासंगिकता बनाए हुए हैं। फिल्म दर्शकों को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का संदेश देती है।

फिल्म का निर्माण अवध नारायण प्रसाद ने किया है, जबकि लेखन एवं निर्देशन संजय सिंह नेगी ने किया है। छायांकन मनोज सती, संगीत निर्देशन रणजीत सिंह तथा गीत भी संजय सिंह नेगी द्वारा लिखे गए हैं। संपादन की जिम्मेदारी दर्श चितरोड़ा और हेमंत चव्हाण ने संभाली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित