कोच्चि , जुलाई 21 -- अविष्कार डिजिटल ने 'सिनेटूल्स' नामक एक एआई-संचालित प्लेटफॉर्म शुरू किया है। यह फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों और पोस्ट-प्रॉडक्शन स्टूडियो को एक ही प्रणाली के जरिये सेंसर स्क्रिप्ट, ऑडियो विवरण, क्लोज्ड कैप्शंस और सबटाइटल तैयार करने की सुविधा प्रदान करता है।

यह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म फिल्म सेंसरिंग और एक्सेसिबिलिटी से जुड़े कामकाज को सरल बनाने के लिए तैयार किया गया है, जिससे कई अलग-अलग सॉफ्टवेयर के इस्तेमाल की जरूरत नहीं रहती है।

यह प्लेटफॉर्म उपयोगकर्ता को टाइप करने या हाथ से नोट्स बनाने के बजाय फिल्म देखते समय बोलकर यह बताने की अनुमति देता है कि स्क्रीन पर क्या हो रहा है। एआई सिस्टम इस बोले गए इनपुट को तुरंत (रियल टाइम में) सेंसर स्क्रिप्ट में बदल देता है। इसी स्क्रिप्ट का इस्तेमाल कर उपयोगकर्ता काफी कम समय में ऑडियो विवरण, क्लोज्ड कैप्शंस और सबटाइटल तैयार कर सकते हैं।

अविष्कार डिजिटल के रघुनाथ एन बी ने कहा कि यह तकनीक इन सामग्रियों को तैयार करने में लगने वाले घंटों और दिनों के काम को काफी हद तक कम कर सकती है, जिससे समय, प्रयास और लागत की बचत होगी। कंपनी ने दावा किया कि यह काम के दोहराव से भी बचा सकती है और मानवीय गलतियों को कम करने में मदद कर सकती है।दृष्टिबाधित दर्शकों के लिए तैयार ऑडियो विवरण ट्रैक सीधे 'ईयरव्यू' मोबाइल एप्लीकेशन से जोड़े जा सकते हैं। इससे दर्शक सिनेमाघरों में बिना किसी विशेष उपकरण के अपने निजी मोबाइल फोन पर ऑडियो विवरण सुन सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित