पटना , अप्रैल 09 -- बिहार सरकार फिल्म प्रमोशन पॉलिसी 2024 के तहत अब राज्य में प्रतिभाशाली कलाकारों के लिए सुनहरा अवसर प्रदान कर रही है। इसके लिए बिहार स्टेट फिल्म डेवलपमेंट कॉपरेशन ने अपना खुद का डेटाबेस तैयार किया है, जिससे प्रदेश के मनोरंजन उद्योग से जुड़े हर वर्ग के कलाकारों के साथ-साथ होटल, ट्रांसपोर्ट के व्यवसायी वर्ग भी रजिस्ट्रेशन करके लाभ उठा सकते है।

इस डेटाबेस के तहत बिहार में बढ़ते फिल्म उद्योग क्षेत्र में बड़े बैनर की फिल्मों में नये कलाकारों को मौका दिया जायेगा, जिससे उनकी प्रतिभा की पहचान देश-विदेश में हो सके।

बिहार राज्य फिल्म विकास और वित्त निगम के अधिकारी अरविंद रंजन दास ने बताया कि राज्य के स्थानीय कलाकार या नई प्रतिभा फिल्म. बिहार. जीओवी. इन वेबसाइट के मेनु में रजिस्ट्रेशन ऑप्शन में जाकर नि:शुल्क रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं,जिसे फिल्म निगम सत्यापित करेगा।साथ ही कलाकारों या वेंडरों को इस वेबसाइट के डेटाबेस में अपना बॉयोडेटा और कला के क्षेत्र से संबंधित जानकारी देना महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन को इसी महीने से शुरू कर दिया गया है।

फिलहाल बिहार के कई जगहों से छोटे-बड़े कलाकार वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पूरा कर चुके है और लगातार नए रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित