खरगोन , अप्रैल 3 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में बायो कॉटन व्यापारी के घर फायरिंग कर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव निवासी व्यापारी दिलीप सिंह राठौड़ के घर फायरिंग कर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फिरौती मांगने की घटना में मुख्य षड्यंत्रकारी सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले धार जिले के मनावर क्षेत्र निवासी सचिन पाटीदार, उज्जैन के लोकेंद्र पवार तथा रेकी करने वाले अमित बड़गोत्या को गिरफ्तार किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि आज जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें राजपाल चंद्रावत, विजेंद्र उर्फ मलखान सिसोदिया, शाहरुख खान, कृष्ण पाल उर्फ केन्या सोलंकी, अंश उर्फ अंशु पाल, शिवा बिलगड़े, रितिक उर्फ जंजीरा पवार, रोहित मालवीय तथा केस खान शामिल हैं। एक अन्य आरोपी राजा खान पूर्व में गिरफ्तार होकर देवास जेल में निरुद्ध है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में हरि चन्द्र जाट उर्फ हैरी बॉक्सर, जावेद खान, राहुल बाबा बिंझाना, रवि चौहान, कुलदीप सिंह राजपूत और संदीप प्रजापति फरार हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन कार, दो मोटरसाइकिल, चार पिस्तौल, दस कारतूस तथा दस मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मुख्य आरोपी राजपाल पर हत्या, अपहरण और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं तथा उससे राष्ट्रीय जांच एजेंसी द्वारा भी पूछताछ की जा चुकी है।

घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि व्यवसायी दिलीप राठौड़ और आरोपियों के बीच लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के चलते षड्यंत्र रचकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया और बाद में वीडियो भेजकर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की विवेचना जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित