मोहाली , सितंबर 17 -- पंजाब के मोहाली पुलिस ने घरों और कोठियों पर फायरिंग कर फिरौती मांगने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के चार गुर्गों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच पिस्तौल, 12 कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई टेंपरेरी नंबर वाली फॉर्च्यूनर कार बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर कुलवीर सिंह सिद्धू के संपर्क में थे।
पुलिस के मुताबिक चार सितंबर की रात फेज-10 निवासी संयम जुडेजा के घर पर दो मोटरसाइकिल सवारों ने ऑटोमैटिक हथियारों से फायरिंग की थी। इससे पहले कुलवीर सिंह सिद्धू ने संयम जुडेजा से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। इसके बाद सात सितंबर को उनके पार्टनर बलजीत सिंह के फेज-10 स्थित घर पर भी फायरिंग की गई और उनसे भी पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई।
गत 14 सितंबर को सेक्टर-104 स्थित जगदीप सिंह मान की कोठी पर फायरिंग की गई। जिसमें घर में काम कर रहा सचिन घायल हो गया। इस मामले में भी पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने की बात सामने आई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकाशदीप सिंह (23), प्रवीण कुमार उर्फ कालू (23), जस्मनदीप सिंह (20) और दुशंत शर्मा उर्फ सम्मी (27) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार जस्मनदीप रेकी करता था, जबकि दुशंत हथियार संभालता था। अकाशदीप, प्रवीण और उनका साथी सिमरदीप सिंह उर्फ जशन फायरिंग करते थे। सिमरदीप की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों और अवैध हथियारों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित