बेतिया , जून 19 -- पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया नगर क्षेत्र से फिरौती के लिए अपहृत दो चचेरे भाइयों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया तथा इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने शुक्रवार को बताया कि 18 जून को नगर के द्वार देवी चौक स्थित एक कपड़ा दुकान के समीप से बाइक सवार अपराधियों ने श्रीनगर थाना क्षेत्र के पूजहा पटजिरवा निवासी अर्जुन कुमार और नीतेश कुमार का अपहरण कर लिया था। अपहरण के बाद अपराधियों ने परिजनों से पांच लाख रुपये फिरौती की मांग की थी। घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

श्री सुमन ने बताया कि अपहृतों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सदर-वन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी एवं मैन्युअल अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने मनुआपुल क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों युवकों को सकुशल बरामद कर लिया तथा चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनुआपुल थाना क्षेत्र के छावनी निवासी सिद्धार्थ प्रियदर्शी, मोनू कुमार, चंदन कुमार और बिट्टू राज के रूप में हुई है। उनके पास से अपहृत की एक बाइक, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में साइबर गतिविधियों से अर्जित संपत्ति की उगाही के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है। मामले की जांच जारी है तथा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले के त्वरित उद्भेदन में शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित