फिरोजाबाद , अप्रैल 12 -- फिरोजाबाद जिले के जसराना क्षेत्र में रविवार को खेत से चारा लेकर लौट रहा युवक नीचे लटकते बिजली के हाई टेंशन तारों की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गयी। आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ हंगामा करते हुए तीन घंटे तक मार्ग जाम किया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के गांव मटियारी सराय निवासी गिरीश चंद्र का पुत्र सोनू (19) रविवार को सुबह खेत पर चारा लेने गया था। चारा लेकर जब वह वापस लौट रहा था तो रास्ते में हाई टेंशन लाइन के विजली के तारों की चपेट में आने से मौके पर गिर गया। मौके पर ग्रामीण एकत्रित हुए तब तक छटपटा कर उसकी मौत हो चुकी थी। युवक की मौत की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए उन्होंने बिजली विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ आक्रोश जाहिर करते हुए शिकोहाबाद एटा मार्ग पर ट्रैक्टर लगाकर अवरोधित कर जाम लगा दिया गया।
दुर्घटना की जानकारी होने पर एसडीएम और सीओ घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया उनके द्वारा बिजली विभाग के कर्मचारियों को कई बार लटकते हुए तारों के संबंध में शिकायत की गई थी किंतु उनके द्वारा कोई भी सुनवाई नहीं की गई। करीब 3 घंटे तक शिकोहाबाद एटा मार्ग जाम रहा अधिकारियों ने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पीड़ित परिवार को शासन से आर्थिक सहायता दिलाने का भी आश्वासन दिया गया है। काफी समझाने के बाद पुलिस शव को जिला अस्पताल लेकर आई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित