फिरोजाबाद , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के थाना एका क्षेत्र में गुरुवार को हाई टेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से दो युवकों की करंट लगने से जलकर मृत्यु हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुलिस के अनुसार थाना एका क्षेत्र के गांव रूहासी पट्टी में सुबह भूपेश (28) और प्रदीप (28) खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक हाई टेंशन लाइन का तार चिंगारी के साथ टूटकर उन पर गिर पड़ा। तार में करंट प्रवाहित होने के कारण दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही को लेकर हंगामा किया और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की। सूचना पर पुलिस, तहसीलदार जसराना और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।
प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ ही पांच-पांच बीघा भूमि का पट्टा दिलाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमति दी। थाना प्रभारी संजूल पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक आश्वासन के बाद परिजनों की ओर से किसी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया में है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित