फिरोजाबाद , सितंबर 29 -- फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह नगला खंगर थाना क्षेत्र में नींद की झपकी के कारण हुए भीषण सड़क हादसे में इटावा के जिला वन अधिकारी (डीएफओ) विकास नायक और एक्सयूवी चालक देवांश की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, हरियाणा से लखनऊ जा रही स्कॉर्पियो-एन माइलस्टोन 68.800 के पास चालक को नींद की झपकी आने के कारण अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही एक्सयूवी-700 से आमने-सामने टकरा गई।

स्कॉर्पियो को कोलकाता निवासी डेबिट वेरी योग गोत्र डिसूजा चला रहे थे। उनके साथ उनकी 65 वर्षीय पत्नी भी थीं। वहीं, एक्सयूवी-700 में इटावा के डीएफओ विकास नायक, चालक देवांश समेत तीन लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे गश्ती दल, पीआरबी-5618 और नगला खंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। यूपीईडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी फूल सिंह भी टीम के साथ पहुंचे। सभी घायलों को एंबुलेंस से सैफई पीजीआई भेजा गया, जहां उपचार के दौरान डीएफओ विकास नायक और चालक देवांश की मौत हो गई।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर इटावा वन विभाग के कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी भी सैफई अस्पताल पहुंच गए। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित