फिरोजाबाद , अप्रैल 20 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक वृद्ध किसान का शव खेत स्थित ट्यूबवेल की कोठरी में लहूलुहान हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गांव नगला सुंदर के पास बढ़ाईपुर की ठार निवासी मलखान सिंह (80) अपने खेत पर बनी ट्यूबवेल की कोठरी में सोते थे। सोमवार सुबह उनका बड़ा बेटा खेत पर पहुंचा तो पिता का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर क्षेत्राधिकारी अनिवेश कुमार, थाना शिकोहाबाद और नसीरपुर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि वृद्ध किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई है। हत्या की आशंका को देखते हुए जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। शीघ्र घटना का खुलासा किया जाएगा।

मृतक के बड़े बेटे मलखान सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि पिता ने कुछ जमीन उसकी पत्नी के नाम लिख दी थी, जिससे छोटा भाई जर्मन सिंह नाराज चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि जर्मन सिंह ने ही पिता की हत्या की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी जर्मन सिंह परिवार सहित फरार बताया गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित