फिरोजाबाद , मार्च 29 -- फिरोजाबाद जिले के थाना रामगढ़ क्षेत्र में चनोरा पुल के पास रविवार दोपहर वैगनआर और पिकअप वाहन की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मैनपुरी जनपद के थाना कुरावली क्षेत्र के गांव रोसिहपुर निवासी प्रभु दयाल (32) अपनी पत्नी पूनम (30), रेखा (45) पत्नी हेमराज, उदय प्रताप (27) पुत्र प्रदीप कुमार समेत अन्य लोगों के साथ किराए की वैगनआर से आगरा जा रहे थे।
जैसे ही उनकी गाड़ी चनोरा कट के पास पहुंची, सामने से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में वैगनआर सवार सभी लोग घायल हो गए, जबकि चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस 108 की सहायता से घायलों को सरकारी ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को वाहन से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फिलहाल मृतक चालक की पहचान नहीं हो सकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित