फिरोजाबाद , सितंबर 26 -- फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार शाम से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। शनिवार को जिले में सभी विद्यालय बंद रहे।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को क्षेत्र में आवश्यक निगरानी रखने के निर्देश दिये है और विशेष रूप से गौशालाओं में जल भराव से बचने के उपाय करने को कहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा। जिलाधिकारी द्वारा सभी विद्यालयों का अवकाश घोषित कर दिया गया। बारिश के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के कारण खेतों में पानी भरने से तैयार खडी हुई धान की फसल में नुकसान होने से किसान चिंतित है।

बारिश के कारण शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार हो रही बारिश से मौसम के करवट लेने तापमान में गिरावट देखी जा रही है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी संबंधित उप जिलाधिकारी को अपने क्षेत्र में बराबर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उनके द्वारा गौशालाओं की लाइव स्ट्रीमिंग कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। गौशालाओं के नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है किसी भी प्रकार के गौशालाओं में जल भराव के कारण असुविधा नहीं होनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित