फिरोजाबाद , सितंबर 4 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में नसीरपुर थाना क्षेत्र के शिकोहाबाद-बटेश्वर मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बाद एक व्यक्ति ने संदिग्ध परिस्थितियों में यमुना नदी में छलांग लगा दी। पुलिस, गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार नसीरपुर थाना क्षेत्र निवासी रामनरेश (40) शुक्रवार दोपहर घर से निकला था। बाद में उसकी मोटरसाइकिल शिकोहाबाद-बटेश्वर मार्ग स्थित नौरंगी घाट के पुल पर खड़ी मिली। मोटरसाइकिल मिलने के बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की टीम को बुलाकर ग्रामीणों की मदद से यमुना में रामनरेश की तलाश शुरू कराई। उसके नदी में डूबने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। गोताखोरों के देर से पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने बटेश्वर मार्ग पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया और यातायात सुचारू कराया। देर शाम तक रामनरेश की यमुना में तलाश जारी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित