फिरोजाबाद , सितंबर 02 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना टूंडला क्षेत्र के उसायनी गांव में मंगलवार शाम एक युवक ने घर में घुसकर बच्चों को पढ़ा रही महिला पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से महिला घायल हो गई। उसका जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार उसायनी गांव में मंगलवार शाम एक युवक महिला के घर की दूसरी मंजिल पर पहुंचा और कमरे में बच्चों को पढ़ा रही अंजली यादव (25) पर फायरिंग कर दी। बचाव के प्रयास के बावजूद एक गोली अंजली को लग गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि विपिन कुमार जाटव, पुत्र ताराचंद, फोन कर उसे लगातार परेशान करता था। उसने बताया कि वह विवाहित है और मना करने के बावजूद परेशान किए जाने पर उसने विपिन का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी वह उसके घर पहुंच गया। शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि वह उसे शिकायत करने लायक नहीं छोड़ेगा।

पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने विपिन कुमार जाटव, उसके पिता ताराचंद तथा भाई विजेंद्र और विजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। तहरीर में सभी पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया है। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित