फिरोजाबाद , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में घर में अकेली रह रही एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पहले महिला पर धारदार हथियार से हमला किया और बाद में शव को फंदे से लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। मामले में लूट की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार स्टेशन रोड स्थित एक गली निवासी रामवती उर्फ सरोज (50), पत्नी स्वर्गीय आर.बी. सिंह, घटना के समय घर में अकेली थीं। उनका पुत्र सिद्धांत खैरगढ़ क्षेत्र के एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत है।

स्थानीय लोगों के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे तक महिला को देखा गया था। शुक्रवार को परिचितों द्वारा कई बार फोन किए जाने पर भी संपर्क नहीं हो सका। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाहर से बंद मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां महिला का शव बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार मृतका के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। वहीं कानों से कुंडल भी गायब थे, जिससे लूट के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले दो संदिग्ध युवकों को गली में देखा गया था। कुछ लोगों का दावा है कि दोनों युवक किरायेदार बनकर महिला के घर पहुंचे थे। पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी शेखर सेंगर सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित