फिरोजाबाद , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के थाना नगला सिंघी क्षेत्र में स्मार्ट मीटर से परेशान ग्रामीण महिलाओं ने शनिवार को विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर घरों से उखाड़े गए मीटर फेंक दिए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। नगला सिंघी क्षेत्र के गांव जटाई स्थित विद्युत सब स्टेशन पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं अपने घरों के स्मार्ट मीटर उखाड़कर पहुंचीं। विद्युत व्यवस्था से नाराज महिलाओं ने आक्रोश जताते हुए मीटरों को विद्युत केंद्र परिसर में फेंक दिया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप था कि स्मार्ट मीटर बहुत तेजी से रीडिंग दर्ज कर रहे हैं, जिससे बिजली बिल अत्यधिक आ रहे हैं और परिवार का मासिक बजट बिगड़ रहा है। उनका कहना था कि विभागीय अधिकारी भी उपभोक्ताओं को परेशान करते हैं तथा मनमाने ढंग से बिजली आपूर्ति बाधित कर देते हैं।

महिलाओं ने कहा कि लगातार बिजली कटौती के कारण भीषण गर्मी में पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे अपने पुराने मीटर ही लगवाना चाहती हैं और किसी भी कीमत पर स्मार्ट मीटर स्वीकार नहीं करेंगी।

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय अवर अभियंता राजेंद्र सिंह विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी जारी रखते हुए वहां से लौट गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित