फिरोजाबाद , जून 8 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में मस्जिद से पानी लेने गई किशोरी से इमाम ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसका मुंह बंदकर जमकर मारपीट की। परिजनों को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और पीड़िता को थाने लेकर आई। पीड़िता की मां ने इमाम के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। इलाका पुलिस ने कई जगह दबिश दी लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लग सका है।
पुलिस ने बताया कि रामगढ़ क्षेत्र की रहने वाली एक 14 वर्षीय किशोरी जन्नती मस्जिद के मदरसा में उर्दू पढ़ने के लिए जाती थी। वह रविवार दोपहर मस्जिद में लगे आरओ वाटर मशीन से ठंडा पानी लेने के लिए गई थी। उसी दौरान इमाम जाकिर हाफिज ने अकेला देखकर उसे जबरन पकड़ लिया और मुंह दबाकर अपने कमरे में ले गया था। किशोरी से उसने दुष्कर्म किया। किशोरी ने विरोध किया तो इमाम ने उसका मुंह बंद कर लिया और मारपीट की। साथ ही परिजनों को घटना के बारे में जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। किशोरी के चिल्लाने पर आसपास की महिलाओं और पुरुषों की भीड़ एकत्रित हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित