फिरोजाबाद , मई 23 -- फिरोजाबाद जिले के थाना नगला खंगर क्षेत्र में शनिवार को मक्का के खेत में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दो दिन से लापता विपिन कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार थाना नगला खंगर क्षेत्र के गांव कोटला की ठार स्थित मक्का के खेत में ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय विपिन कुमार पुत्र राजवीर सिंह के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि विपिन गुरुवार से लापता था। उसका कुछ समय पहले पेट का ऑपरेशन हुआ था और वह शराब पीने का आदी था। बताया गया कि वह गांव के प्रधान सुनील के यहां काम करता था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित