फिरोजाबाद , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह स्कूल से लौट रही एक वृद्ध महिला की डीसीएम की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिरसागंज थाना क्षेत्र के रूदेमई गांव निवासी सोमवती देवी (56) सोमवार सुबह अपने नातियों लवकुश, अनिकेश और कुशल को स्कूल छोड़ने के बाद पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के समीप एक अनियंत्रित डीसीएम ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सोमवती देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

सूचना मिलने पर सिरसागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर डीसीएम चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित