फिरोजाबाद , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना शिकोहाबाद पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में पिता की हत्या के आरोपी बेटे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के बाद गुरुवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि शिकोहाबाद क्षेत्र के नगला सुंदर गांव में सोमवार सुबह 80 वर्षीय सुघर सिंह का शव खेत की कोठरी में लहूलुहान अवस्था में मिला था। जांच में सामने आया कि उनकी हत्या सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर की गई थी। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतक के बड़े पुत्र मलखान सिंह की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी छोटे बेटे जर्मन सिंह की तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीमों का गठन किया गया था। बुधवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नगला जवाहर के बंबा के पास घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का सब्बल भी बरामद कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन के बंटवारे को लेकर आरोपी अपने पिता से नाराज था। मृतक ने अपने हिस्से की कुछ जमीन बड़े बेटे की पत्नी के नाम कर दी थी, जिससे क्षुब्ध होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित