फिरोजाबाद , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर में फंदे से लटका मिला। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के रामदासपुरा गांव निवासी भगवान सिंह की पत्नी क्रांति देवी का शव शुक्रवार शाम घर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि क्रांति देवी का विवाह 21 अप्रैल को भगवान सिंह के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न और मारपीट करते थे।

मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले क्रांति देवी की हत्या की और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। अधिकारियों ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित