फिरोजाबाद , अक्टूबर 16 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में छीछामई नहर से शुक्रवार को एक लापता युवक का शव पुलिस और पीएसी के गोताखोरों के प्रयास से बरामद कर लिया गया। युवक बुधवार शाम से लापता था।

पुलिस ने बताया कि शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के गांव डाहिनी निवासी दिनेश चंद्र यादव का पुत्र ओम यादव एक निजी विद्यालय में शिक्षक था ,जो बुधवार देर शाम को घर से स्कूटी लेकर अचानक चला गया था। गुरुवार को सुबह उसकी स्कूटी चप्पल फोन आदि सामान नहर किनारे लोगों ने देखकर पुलिस को सूचना दी। सामान की पहचान ओम यादव के रूप में हुई। नहर किनारे ओम यादव का सामान मिलने से उसके नहर में कूदने की आशंका की गई।

पुलिस द्वारा पीएससी गोताखोरो को बुलाकर गुरुवार को भी युवक की तलाश की गई थी लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी थी। शुक्रवार को पुनः प्रयास के बाद युवक का शव गोताखोरों द्वारा बरामद कर लिया गया। परिजनों द्वारा पहचान के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

परिजनों ने बताया कि मृतक एक निजी स्कूल में शिक्षक था उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। एक सप्ताह पूर्व पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया जिसके कारण वह मायके में रह रही थी। पारिवारिक कलह के कारण युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित