फिरोजाबाद , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव रूधेमई में रविवार सुबह तालाब में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गयी।
ग्रामीणों ने तालाब में शव पड़ा देखा तो मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंच गए और महिला की पहचान रीना (32) पत्नी विनोद निवासी रूधेमई के रूप में की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
परिजनों के अनुसार परिवार लखना देवी मंदिर में मुंडन संस्कार के लिए गया हुआ था और शनिवार रात लौटने पर रीना घर पर नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह तालाब में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। मृतका का पति विनोद ट्रक चालक है और घटना के समय बाहर गया हुआ था।
पुलिस मौत का कारण जानने के लिये पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित