फिरोजाबाद , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले की टूंडला तहसील में तैनात तहसीलदार राखी शर्मा ने जिलाधिकारी पर भ्रष्टाचार, उत्पीड़न और दबाव बनाने के आरोप लगाते हुये मुख्यमंत्री से न्याय की मांग की है। इस मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार तहसीलदार राखी शर्मा और जिलाधिकारी रमेश रंजन के बीच पिछले कई महीनों से मतभेद की चर्चाएं चल रही थीं। इसी बीच राखी शर्मा ने मीडिया के समक्ष आकर अपने साथ कथित उत्पीड़न का आरोप लगाया। राखी शर्मा ने जिलाधिकारी पर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ अधिकारी और कर्मचारी भी इसमें शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि एक करोड़ रुपये मूल्य की जमीन से जुड़े मामले में उनके ऊपर मनमाफिक कार्रवाई करने का दबाव बनाया गया। गलत कार्य से इंकार करने पर उनके खिलाफ उत्पीड़न शुरू कर दिया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके विरुद्ध जांच शुरू की गई और उसे बंद कराने के लिए उनसे एक लाख 75 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन लिया गया। तहसीलदार ने कहा कि जिलाधिकारी के संरक्षण में करोड़ों रुपये के भूमि घोटाले हुए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कराई जाए तो तथ्य सामने आ जाएंगे।
राखी शर्मा ने आरोप लगाया कि पिछले आठ महीने से उनका वेतन रोका गया है। इसके खिलाफ उन्होंने उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की थी, जिसे वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें जिलाधिकारी कार्यालय बुलाकर कई घंटे तक रोके रखा गया तथा विभिन्न प्रकार के दबाव डाले गए। तहसीलदार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले की जांच, सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है। उधर, प्रशासन की ओर से आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित