फिरोजाबाद , अप्रैल 12 -- फिरोजाबाद जिले की थाना रामगढ़ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर मुठभेड़ के बाद लूट और छिनैती की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि थाना उत्तर और रामगढ़ क्षेत्र में बाइक लूट तथा कई मोबाइल छीनने की घटनाओं के मुकदमे दर्ज किए गए थे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की चार टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही थी। जांच के दौरान तीन बदमाशों की पहचान की गई थी।
शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि थाना रामगढ़ क्षेत्र के चनौरा पुल के आसपास एक वांछित बदमाश मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने बाइक सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज कुमार निवासी नगला मिर्जा, थाना रामगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट की एक मोटरसाइकिल, छीने गए दो मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, खाली खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित