फिरोजाबाद , मई 14 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के खैरागढ़ थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पति द्वारा छत से नीचे फेंकी गई महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के चाचा की तहरीर पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि थाना खैरागढ़ क्षेत्र के गांव सिरमई निवासी राहुल का अपनी पत्नी नीतू से गत 9 मई को किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति ने पत्नी को मकान की छत से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद परिजन घायल नीतू को जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर नीतू को उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया था। आगरा में उपचार के दौरान बुधवार रात नीतू की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर फिरोजाबाद पहुंचे, जहां गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

मृतका अपने पीछे डेढ़ वर्षीय पुत्र को छोड़ गई है। पुलिस के अनुसार मृतका के चाचा सर्वेश सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित