फिरोजाबाद , अगस्त 5 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में टूंडला-इटावा रेलखंड पर शिकोहाबाद के समीप बुधवार को चलती ट्रेन से गिरने के कारण एक युवक की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अब्दुल कलाम (19) , निवासी ग्राम गंगानी, थाना फरिहा, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। वह बुधवार सुबह फिरोजाबाद से इटावा जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था। बताया गया कि ट्रेन के शिकोहाबाद स्टेशन से आगे निकलने के बाद किसी कारणवश वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। युवक की असामयिक मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों ने बताया कि अब्दुल कलाम किसी कार्य से इटावा जा रहा था, तभी रास्ते में यह दुखद हादसा हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित