फिरोजाबाद , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को गैस सिलेंडर लीक होने से लगी आग में एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई। उपचार के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोहिनीपुर गांव निवासी कल्पना (20) गुरुवार दोपहर अपने घर में गैस चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा और आग लग गई। आग की चपेट में आने से युवती के कपड़ों ने भी आग पकड़ ली, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा किसी तरह आग पर काबू पाया।

गंभीर रूप से घायल कल्पना को तत्काल उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए विच्छेदन गृह में रखवाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित