फिरोजाबाद , अक्टूबर 18 -- फिरोजाबाद जिले के मक्खनपुर कट से सिक्सलेन बाईपास पर रूपसपुर के पास रविवार दोपहर गलत दिशा में आ रही कार सामने से दूसरी कार से टकरा गई। हादसे में दोनों कारों में सवार आठ लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। राहगीरों ने कारों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।
जसराना के गाड़ीवान मोहल्ला निवासी मनोज कुमार (45) रविवार दोपहर अपनी बेटी प्रिया को दवा दिलाने कार से मथुरा जा रहे थे। कार में उनके बेटे अंशुल (18), आदेश (12) और साले रिंकू भी थे। मक्खनपुर कट से बाईपास पर रूपसपुर के पास उनकी कार सामने से गलत दिशा में आ रही कार से टकरा गई।
दूसरी कार में औरैया के बाबरपुर निवासी निखिल गुप्ता (33), उनकी पत्नी सुधी गुप्ता (32) और दो वर्षीय बेटी विशाखा सवार थे। आमने-सामने की टक्कर में दोनों कारों में सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग और राहगीर दौड़कर पहुंचे और कारों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। एंबुलेंस से सभी घायलों को ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे के चलते बाईपास पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
थाना प्रभारी मचन शर्मा ने बताया कि औरैया निवासी परिवार आगरा की ओर से आ रहा था। सीएनजी भरवाने के बाद कार गलत दिशा में चल रही थी। इसी दौरान मक्खनपुर की ओर से आ रही कार से उसकी भिड़ंत हो गई। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं। सभी का उपचार कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित