फिरोजाबाद , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के उत्तर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े टैंकर से सवारियों से भरा ऑटो टकरा गया। हादसे में एक पल्लेदार की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि नारखी थाना क्षेत्र की न्यू पचवान कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार (40) सोमवार रात क्लब चौराहा से ऑटो में बैठकर अपने घर लौट रहे थे। जलेसर रोड स्थित अमरदीप कॉलेज के निकट तेज रफ्तार ऑटो सड़क किनारे खड़े टैंकर से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में मुकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक अभिषेक उर्फ गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल चालक का उपचार ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित