फिरोजाबाद , मई 27 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के नगला खंगर क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह एक कार आगे चल रहे लोहे के बंडलों से लदे ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार हादसा थाना नगला खंगर क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 60 के पास हुआ। कार सुल्तानपुर से वृंदावन-मथुरा दर्शन के लिए जा रही थी। इसी दौरान चालक शुभम अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में चालक शुभम के अलावा संदीप पाल, आदित्य पाल, प्रीति पाल, प्रिंसी और ज्योति घायल हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित