फिरोजाबाद , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में सावन माह के दौरान प्रस्तावित कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने शनिवार को कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने शिकोहाबाद, जसराना और टूंडला से होकर गुजरने वाले प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया तथा सड़क, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को यात्रा मार्ग के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को सभी स्ट्रीट लाइटों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यात्रा मार्ग पर संभावित समस्याओं पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा सुरक्षा की दृष्टि से नहर किनारे आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराई जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सुरक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू करने की भी तैयारी कर ली गई है, जिसके लिए विस्तृत यातायात योजना तैयार की गई है।
जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे संचालन के संबंध में दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इसके तहत डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट निर्धारित की गई है, जबकि ध्वनि का स्तर 75 डेसीबल से अधिक नहीं होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक यात्रा के दौरान विवादित एवं आपत्तिजनक गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित