फिरोजपुर , जून 17 -- पंजाब में फिरोजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो तस्करी से जुड़े अलग-अलग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.775 किलोग्राम हेरोइन, 1.33 लाख प्रतिबंधित नशीली गोलियां एवं कैप्सूल, 39 कारतूस और 36,600 रुपये नकद बरामद किये हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंजिंदर सिंह (24) निवासी लखा भेड़ियां, जगजीत सिंह (22) निवासी मल्लांवाला तथा गुरदेव सिंह (55) निवासी ममदोट उत्तर, जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की एक मारुति स्विफ्ट कार भी जब्त की है।
श्री यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस आरोपियों के आगे और पीछे के संपर्कों की पड़ताल कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके, वित्तीय लेन-देन का पता लगाया जा सके और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
पहली कार्रवाई के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भूपिंदर सिंह सिद्ध ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मंजिंदर सिंह और जगजीत सिंह नशा तस्करी में शामिल हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने बस्ती वकीला वाली स्थित दाना मंडी के पास दोनों को उनकी स्विफ्ट कार सहित रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 5.775 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गयी।
दूसरे ऑपरेशन में पुलिस को सूचना मिली थी कि गुरदेव सिंह गांव ममदोट में मेडिकल स्टोर चलाता है और वहां से प्रतिबंधित दवाओं एवं नशीली गोलियों की अवैध बिक्री करता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान 1,33,640 प्रतिबंधित गोलियां एवं कैप्सूल, 36,600 रुपये नकद तथा केएफ 7.65 बोर के 39 कारतूस बरामद किये गये। इसके बाद गुरदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
श्री सिद्धू ने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में पुलिस थाना आरिफ के में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत तथा थाना ममदोट में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी) ए के तहत एफआईआर दर्ज की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित